चंडीगढ़ , मार्च 10 -- पंजाब के श्रम मंत्री तरनप्रीत सिंह सौंद ने मंगलवार को पंजाब विधानसभा में बताया कि सरकार ने प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित किया है और आवेदन प्रसंस्करण के समय को 165 दिनों से घटाकर मात्र 62 दिन कर दिया है जिससे इस पहल का लाभ पाने वाले श्रमिकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है।
पंजाब विधानसभा में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री सौंद ने कहा कि एक अप्रैल, 2025 से अब तक 45,578 श्रमिकों को 146.77 करोड़ रुपये का लाभ मिला है, जो पिछली सरकार के अंतिम वित्तीय वर्ष में 4,977 श्रमिकों को दिए गए 14.73 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 10 गुना अधिक है। अन्य जन कल्याणकारी पहलों के अलावा मान सरकार ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को समय पर वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने के लिए 'पंजाब भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड' के कामकाज को भी सुव्यवस्थित किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रसंस्करण समय सीमा को और कम करके मात्र 45 दिन करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।
बोर्ड की कल्याणकारी पहलों पर प्रकाश डालते हुए श्रम मंत्री ने कहा कि 'पंजाब भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड' निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए कई योजनाएं लागू कर रहा है। इनमें बालड़ी तोहफा (दो बेटियों तक), अनुग्रह जीवन बीमा , अंतिम संस्कार के लिए वित्तीय सहायता, लाभार्थियों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए सामान्य सर्जरी सहायता, एलटीसी लाभ, मातृत्व लाभ (दो जीवित बच्चों तक), मानसिक रूप से विकलांग बच्चों के लिए लाभ, लाभार्थियों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए व्यावसायिक बीमारियों की स्थिति में सहायता, 60 वर्ष की आयु प्राप्त करने के बाद पेंशन (जिसमें पारिवारिक/विधवा पेंशन शामिल है), बेटियों की शादी के लिए शगुन योजना और श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए वजीफा शामिल हैं।
श्री सौंद ने दोहराया कि पंजाब सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि इन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ राज्य के प्रत्येक पात्र निर्माण श्रमिक तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार प्रक्रियाओं को सरल बना रही है और बोर्ड के कामकाज को मजबूत कर रही है ताकि श्रमिकों को बिना किसी अनावश्यक देरी के वित्तीय सहायता मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित