रायबरेली , जून 14 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के सरेनी क्षेत्र के छोटा गेंगासो गांव में एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

पुलिस सूत्रों से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान छोटा गेंगासो निवासी हीरालाल की पुत्री रचना (24) के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब वह घर पर अकेली थी। परिजनों और ग्रामीणों की जानकारी पर उसे लालगंज क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की मां ने बताया कि रचना का किसी से कोई विवाद नहीं था और परिवार को आत्महत्या के कारणों की जानकारी नहीं है। मृतका के पिता और भाई मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं। रचना अविवाहित थी। सरेनी पुलिस को आज पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे अस्पताल और लालगंज थाने से घटना की सूचना मिली। पुलिस जब मृतका के घर पहुंची तो वहां कोई परिजन मौजूद नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से फिलहाल केवल यही तहरीर प्राप्त हुई है कि युवती ने अज्ञात कारणों से आत्महत्या की है।

उप निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित