वाराणसी , जून 07 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में एक माह की मासूम बच्ची का बलि देने जैसा हैरतअंगेज मामला सामने आया है। सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा गांव की वनवासी बस्ती में शनिवार रात एक माह की बच्ची को उसके दादा की गोद से छीनकर पड़ोसी विकास यादव ने दो बार जमीन पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

आरोपी ने बच्ची को बलि देने की नियत से जान से मारने का प्रयास किया। घटना की जानकारी बस्ती और आसपास के इलाके में फैलते ही स्थानीय लोगों ने अकथा चौराहे को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित