पौड़ी , जून 09 -- उत्तराखंड में जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोट ब्लॉक के खाण्ड्यूसैण देवार क्षेत्र स्थित वाड़ी गांव में मंगलवार को एक महिला को मारने वाले तेंदुए (गुलदार) को वन विभाग ने मार गिराया।
जानकारी के अनुसार करीब 55 वर्षीय एक महिला आज सुबह अपने पशुओं के लिए घास लेने घर से लगभग 200 मीटर दूर खेतों की ओर गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए गांव के ऊपर स्थित एक खंडहरनुमा मकान तक ले गया। काफी देर तक महिला के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान महिला का शव खंडहरनुमा मकान के समीप बरामद हुआ। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार गुलदार ने महिला के शव को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था। घटना की सूचना फैलते ही वाड़ी गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में भय और आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई थी, लेकिन प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने के कारण यह दुखद घटना सामने आई।
सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा अकेले जंगल और खेतों की ओर नहीं जाने की अपील की।
इसी बीच वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुलदार को दोपहर बाद मार गिराया। बताया जा रहा है कि गुलदार को विभागीय अभियान के तहत प्रसिद्ध शिकारी जॉय हुकिल ने ढेर किया। गुलदार के मारे जाने के बाद ग्रामीणों ने कुछ राहत की सांस ली, हालांकि पूरे क्षेत्र में अभी भी भय और शोक का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए वन विभाग से स्थायी और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित