चंडीगढ़ , अप्रैल 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने गुरुवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वे अपने राजनीतिक गुरु अरविंद केजरीवाल की तरह ही न्यायपालिका का अनादर करने की राह पर चल पड़े हैं।
श्री चुघ ने कहा कि श्री मान ने मानसा की अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होने से बचने के लिए एक मई को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। यह कदम स्पष्ट रूप से न्यायिक प्रक्रिया से बचने और अदालत की गरिमा को कमजोर करने का प्रयास है। उन्होंने अदालत की टिप्पणियों का हवाला देते हुए कहा कि श्री मान वर्ष 2022 से अब तक एक बार भी अदालत में पेश नहीं हुए हैं और बार-बार अस्पष्ट कारणों के आधार पर छूट मांगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अदालत ने उनके इस रवैये पर सख्त टिप्पणी करते हुए चेतावनी दी है कि अगली तारीख पर अनुपस्थित रहने पर जमानत रद्द की जा सकती है और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कठोर कदम उठाये जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित