जम्मू , सितंबर 27 -- लगभग 10 वर्ष के अंतराल के बाद जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) ने रविवार को यहां अपनी वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) आयोजित की, जिसमें 15 अधिकृत क्लब सदस्यों ने हिस्सा लिया।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, जेकेसीए के पदाधिकारियों और एसोसिएशन के सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित इस एजीएम में हाल के समय में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का जिक्र किया गया। इनमें ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी जीत, टीम इंडिया में जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों का चयन और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में राज्य के क्रिकेटरों का बढ़ता प्रतिनिधित्व शामिल है।

बैठक में सदस्यों ने एक से पांच अक्टूबर तक श्रीनगर के एसके स्टेडियम में खेले जाने वाले आगामी ईरानी कप की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया।

विज्ञप्ति में कहा गया कि एसोसिएशन इस प्रतिष्ठित ईरानी कप के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर रहा है। इसके साथ ही बैठक में जम्मू-कश्मीर भर में क्रिकेट को और मजबूत करने तथा बढ़ावा देने के लिए सभी हितधारकों के बीच एकता, सामूहिक जिम्मेदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर बल दिया गया।

सदस्यों ने हाल की उपलब्धियों को बढ़ाते हुए जम्मू-कश्मीर क्रिकेट को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित