देवरिया , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से गुरुवार को देवरिया के विकास भवन स्थित गांधी सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा एवं मंथन बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती, उत्पादन तथा उत्पादकता में वृद्धि की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने सभी विभागों से नवाचार, गुणवत्तापूर्ण कार्य और बेहतर समन्वय के माध्यम से विकास की गति तेज करने का आह्वान किया।

सीडीओ ने कृषि, पशुपालन, शिक्षा, उद्योग, बैंकिंग, सहकारिता, खाद्य एवं रसद सहित सभी विभागों को ऐसी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे उत्पादन बढ़े, किसानों की आय में वृद्धि हो, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित हों तथा स्थानीय संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और उद्यमियों को प्रोत्साहित कर गांवों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। साथ ही कहा कि शासन की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आधार बनेगा।

बैठक में सभी अधिकारियों को विभागवार लक्ष्य निर्धारित कर उनकी नियमित समीक्षा तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित