रायपुर , जून 24 -- ) छत्तीसगढ़ प्रदेश में ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी एक जुलाई से लागू होने जा रही वीबी-जी राम जी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रशिक्षण, बैठकें और ग्राम सभाओं का आयोजन कर ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी जा रही है।

अधिकारिक जानकारी के अनुसार योजना को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। बेमेतरा जिले के बेरला जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा और देवरी में ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर योजना के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। ग्रामीणों ने तख्तियां लेकर रोजगार, आजीविका और ग्रामीण विकास से जुड़े संदेशों का प्रसार किया तथा योजना के सफल क्रियान्वयन में सहयोग का संकल्प लिया।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बेमेतरा जिले की इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीणों की जागरूकता और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भी मानव श्रृंखला के माध्यम से किए गए जनजागरूकता अभियान की प्रशंसा की है। ग्राम सभाओं में अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा देना, आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करना तथा परिवारों की आय में वृद्धि करना है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

विभागीय कार्ययोजना के अनुसार 30 जून तक पंचायत, ब्लॉक एवं जिला स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और हितग्राहियों का प्रशिक्षण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम सभाओं, चौपालों, पोस्टर-बैनर, मुनादी, प्रचार रथ और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं तथा स्थानीय सामाजिक संगठन भी जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी मंगलवार को सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को योजना की जानकारी दी तथा आगामी ग्राम सभाओं में भाग लेकर योजना का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने लोगों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए योजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की। राज्य सरकार को उम्मीद है कि योजना लागू होने के बाद प्रदेश के लाखों ग्रामीण परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्राप्त होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित