पटना , दिसम्बर 09 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ने हाल ही में संपन्न हुये विधानसभा चुनाव के पूर्व एक करोड़ नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने के अपनेवायदे को पूरा करने के उद्देश्य से मंगलवार को तीन नये विभागों के गठन की मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार की अध्यक्षता में आज हुई मंत्रिमंडल की बैठक में तीन नये विभागों के गठन की मंजूरी दी गयी। जिन तीन विभागों का गठन किया जाना है, उनमें युवा, रोजगार और कौशल विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और नागरिक उड्डयन विभाग शामिल है। राजग सरकार के चुनाव पूर्व किये गये एक करोड़ नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने के वायदे को पूरा करने में इन विभागों की अहम भूमिका होगी।
मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने मंत्रिमंडल में लिये गये निर्णय कीजानकारी देते हुये पत्रकारों को बताया कि तीन नए विभागों के गठन के प्रस्ताव को बैठक में मंजूरी दी गयी और इसके साथ ही तीन अन्य विभागों के नाम बदले जाने की भी स्वीकृति प्रदान की गयी है। उन्होंने कहा कि पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग का नाम बदलकर डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग किया जायेगा। इसी तरह श्रम संसाधन विभाग का नाम श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग का नाम कला एवं संस्कृति विभागकिया जायेगा।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (डीए) में पांच प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। यह 01 जुलाई 2025 से प्रभावी होगा। महंगाई भत्ता बढ़ाये जाने का लाभ सेवानिवृत कर्मचारियों को भी दिया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित