सहारनपुर , जुलाई 28 -- सहारनपुर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने मंगलवार को एक करोड़ रुपये अथवा उससे अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

आयुक्त सभागार में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में उन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई जो निर्धारित समय-सीमा से पीछे चल रही हैं अथवा बजट की अनुपलब्धता, स्वीकृति न मिलने या अन्य कारणों से बाधित हैं। मंडलायुक्त ने कहा कि विकास एवं निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा कराया जाए। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित परियोजनाओं की परियोजनावार समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं के संबंध में शासन स्तर पर पत्राचार की आवश्यकता है, उनके लिए उनके स्तर से आवश्यक पत्र भेजे जाएंगे। साथ ही पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को संबंधित विभागों को हस्तांतरित कराने तथा उनकी अद्यतन प्रगति मुख्यमंत्री सूचना प्रणाली (सीएमआईएस) पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

डॉ. कुमार ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता की निगरानी के लिए नामित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर निरीक्षण आख्या उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर सुमित राजेश महाजन, मुख्य विकास अधिकारी मुजफ्फरनगर कंडारकर कमल किशोर देशभूषण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित