प्रयागराज , सितंबर 28 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी के एक बड़े अतंरराज्यिय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक कमरे में छापा मारकर एक करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की कोडीन कफ सिरप बरामद की। सिरप की बड़ी खेप कमरे में छिपाकर रखी गई थी।
कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया है। उनसे देर रात तक पूछताछ की जाती रही।एसटीएफ को सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट क्षेत्र में एक कमरे के अंदर बड़ी मात्रा में कोडीन कफ सिरप अवैध तरीके से स्टोर करके रखी गई है। यहां से इस सिरप की सप्लाई प्रयागराज के अलावा उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में की जाती है। एसटीएफ को यह भी इनपुट मिला था कि इस नेटवर्क की सप्लाई मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड तक फैली है।जांच में यह जानकारी सामने आई कि तस्करी से जुड़ा नेटवर्क दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ से कोडीन कफ सिरप की खेप प्रयागराज लाता था। इसके बाद इसे शहर में अलग-अलग ठिकानों पर स्टोर किया जाता था। यहां से मांग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ दूसरे राज्यों में इसकी सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है।
इसी सूचना पर एसटीएफ की टीम ने एयरपोर्ट थाना पुलिस को साथ लेकर रविवार शाम करीब सात बजे बताए गए ठिकाने पर छापा मारा। टीम के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। कमरे की तलाशी लेने पर बड़ी संख्या में कोडीन कफ सिरप की शीशियां बरामद हुईं। बरामद सिरप की कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।मौके से तीन लोगों को पकड़कर पूछताछ शुरू की गई। एसटीएफ और एयरपोर्ट पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सिरप की यह खेप कहां से मंगाई गई थी, किसके जरिए प्रयागराज पहुंची और यहां से किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी।पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम और उनके ठिकानों की जानकारी मिलने की भी उम्मीद है। टीम यह भी पता कर रही है कि इस नेटवर्क में प्रयागराज के अलावा दूसरे जिलों और राज्यों में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित