पटना , सितंबर 30 -- ाज्य के सभी पंचायतों में गांधी जयंती को विशेष रूप से मनाया जाएगा, इसके लिए एक और दो अक्टूबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एक अक्टूबर को 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' श्रमदान कार्यक्रम में सुबह 8 बजे से सफाई अभियान चलाया जाएगा, वहीं दो अक्टूबर को विशेष ग्राम सभा का आयोजन होगा। ग्राम सभा का आयोजन पीपल्स प्लान कैंपेन (पीपीसी) 2026-27 'सबकी योजना, सबका विकास' के तहत होगा। इसमें स्थानीय आवश्यकताओं की पहचान कर पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार की जाएगी। प्राप्त सुझावों और प्राथमिकताओं को जीपीडीपी से जोड़ते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

विशेष ग्राम सभा के दौरान नशामुक्त बिहार को लेकर जागरूकता अभियान, कचरे को स्रोत पर चार श्रेणियों में अलग करने, स्वच्छता सर्वेक्षण आकलन, वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

सभा में ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों और इससे परिवार व समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में जानकारी दी जाएगी। जनप्रतिनिधि, पंचायत कर्मी और ग्रामीण "नशा नहीं करेंगे और नशे से दूर रहेंगे" की शपथ लेंगे। साथ ही बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने पर विशेष जोर रहेगा। इसके लिए आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सेविका, जीविका दीदी, स्वयं सहायता समूह, शिक्षक और पंचायत प्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को नशामुक्ति एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी दी जाएगी, संबंधित विभाग से संपर्क के लिए प्रेरित किया जाएगा। पंचायत स्तर पर नशामुक्ति को एक दिवसीय कार्यक्रम तक सीमित न रखकर नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसी दिन 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया जाएगा।

विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का कहना था कि भारत गांवों में ही बसता है। एक अक्टूबर का श्रमदान और दो अक्टूबर की विशेष ग्राम सभा केवल गांवों में होने वाले औपचारिक कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि यह देश को स्वच्छ, स्वस्थ, हरित और नशामुक्त बनाने की दिशा में एक जन-आंदोलन है। राष्ट्रपिता ने स्वच्छता और नशामुक्त समाज का जो सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी आज हम सबकी है।

मंत्री ने कहा कि जब पंचायतें एक साथ एक घंटे श्रमदान करेंगी तो स्वच्छता के प्रति सामूहिक चेतना जागेगी। वहीं, ग्राम सभा में जब गांव के लोग अपनी जरूरतों और प्राथमिकताओं के आधार पर अपनी विकास योजना खुद तय करेंगे, तभी 'सबकी योजना, सबका विकास' की अवधारणा सही मायने में जमीन पर उतरेगी। सरकार का लक्ष्य है कि हर पंचायत नशामुक्त हो, हर गांव में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था हो और हर घर हरियाली से जुड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित