मुंबई , अक्टूबर 17 -- निजी क्षेत्र के एक्सिस बैंक ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एकल आधार पर 7,003 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया जो सालाना आधार पर 38 फीसदी अधिक है।

बैंक ने शनिवार को जारी वित्तीय परिणामों में बताया कि तिमाही के दौरान ब्याज से प्राप्त उसकी शुद्ध आय 12 प्रतिशत बढ़कर 15,371 करोड़ रुपये पर रही। शुल्कों से बैंक की कमाई 6,381 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले की तुलना में छह फीसदी अधिक है। इसमें खुदरा ग्राहकों से प्राप्त शुल्क का योगदान 70 प्रतिशत रहा। कॉरपोरेट एवं वाणिज्यिक बैंकिंग से प्राप्त शुल्क 10 प्रतिशत बढ़कर 1,943 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

तिमाही के दौरान बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार हुआ। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) का अनुपात पहली तिमाही के 1.28 प्रतिशत से घटकर 1.16 प्रतिशत रह गया। शुद्ध एनपीए 0.39 प्रतिशत से कम होकर 0.35 प्रतिशत रहा। बैंक ने दूसरी तिमाही में कुल 1,694 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जिसमें 1,564 करोड़ रुपये का प्रावधान विशिष्ट ऋण-नुकसान के लिए किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित