जयपुर , मई 24 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (आरएसआरडीसी) की अध्यक्ष दिया कुमारी ने एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण के लिए 4938 करोड़ रुपये के ऋण प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की हैं।
श्रीमती दिया कुमारी ने रविवार को आरएसआरडीसी की 131वीं बोर्ड बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह स्वीकृति दी। उन्होंने कोटपुतली-किशनगढ़ एवं ब्यावर-भरतपुर एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं के निर्माण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से यह स्वीकृति दी।
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने नसीराबाद-सरवाड़-केकड़ी-देवली सड़क (एसएच-26) के अपग्रेडेशन, केकड़ी बाईपास निर्माण एवं सड़क को दो लेन से चार लेन किए जाने के लिए 460 करोड़ रुपये के ऋण प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की।
इसके अतिरिक्त गोटन-बिलाड़ा-पुण्डल सड़क की मरम्मत के लिए ऋण राशि को 17 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 27.87 करोड़ रुपये किये जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गयी।
बैठक में वित्त वर्ष 2024-25 की बैलेंस शीट को अंतिम रूप देने सहित 33 नियमित एवं दो अतिरिक्त प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया। उपमुख्यमंत्री ने आरएसआरडीसी सभागार में आयोजित बैठक के दौरान कहा कि सड़क परियोजनाओं के निर्माण में उपयोगिता को प्राथमिकता दी जाये, ताकि परियोजनाएं आमजन के लिए अधिक लाभकारी एवं उपयोगी सिद्ध हों।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित