, April 12 -- सहारनपुर, 12 अप्रैल (वाता) दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के 14 अप्रैल को होने वाले उद्घाटन से एक दिन पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री सोमवार को कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य इंतजामों की समीक्षा करेंगे तथा रात्रि विश्राम भी सहारनपुर में ही करेंगे।
जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने उद्घाटन एवं सभा स्थल के साथ सहारनपुर से डांट काली मार्ग तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को पहले मुजफ्फरनगर में आयोजित रोजगार मेले में शामिल होंगे। इसके बाद वह राष्ट्रीय लोकदल नेता एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी के साथ भाजपा-रालोद की संयुक्त रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा ने बताया कि मुख्यमंत्री सोमवार रात सहारनपुर में ही रुकेंगे। इस दौरान भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी भी उनसे मुलाकात करेंगे।
14 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से गणेशपुर स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी करेंगे। इसके बाद दोनों नेता कार से एलिवेटेड रोड के रास्ते डांट काली मंदिर जाएंगे, जहां पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद प्रधानमंत्री देहरादून में सभा के लिए रवाना होंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गणेशपुर-मनोहरपुर स्थित सभा स्थल पर लौटकर उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद मुख्यमंत्री भी सभा को संबोधित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित