अलवर , मई 09 -- राजस्थान में अलवर जिले के ककराली गांव में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक पीने से एक ही परिवार के पांच लोग बीमार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीमार होने वालों में एक ही परिवार की चार लड़कियां और एक युवक शामिल हैं, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित चार लड़कियों के पिता रहमू ने बताया कि शुक्रवार रात वह तुलेड़ा गांव से खेतों के लिए खाद लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बच्चों के लिये गांव में स्थित गुलाटी की दुकान से दो लीटर की कोका-कोला की बोतल खरीदी और घर ले आए। रात में सभी बच्चे सो गए और कोल्ड ड्रिंक फ्रिज में रख दी गई।
सूत्रों ने बताया कि सुबह कुछ बच्चे स्कूल चले गए और कुछ बच्चे घर पर ही थे। घर पर मौजूद बच्चों ने करीब 11 बजे फ्रिज से बोतल निकालकर कोल्ड ड्रिंक पी। पीते ही मिश्रोक, मुस्कान, जानिस्ता, रहीसन और जेनी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें घबराहट, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी। पीड़ित बच्चों के पिता ने बताया कि उनके घबराहट चक्कर और बुखार की शिकायत हुई। जिन्हें पहले तो स्थानीय स्तर पर डॉक्टर को दिखाया वहां ड्रिप भी चढ़ाई, लेकिन वहां से उन्होंने अलवर भेज दिया। जिसके बाद परिजन तुरंत सभी को अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में उनका इलाज किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित