बैतूल , मार्च 17 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में एकतरफा प्रेम से आहत एक युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाते हुए खुद को घायल कर लिया। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घोड़ाडोंगरी निवासी 26 वर्षीय राकेश कुमार स्थानीय होटल में कार्य करता है। मंगलवार सुबह उसने अपने पेट में चाकू से दो वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना के समय वह अकेला था और घायल अवस्था में मिलने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी ले गए।

स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया, जहां हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे भोपाल भेज दिया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।

घायल युवक ने उपचार के दौरान बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता था, जिसने प्रारंभ में प्रस्ताव स्वीकार किया, लेकिन बाद में संबंध से इनकार कर दिया। इसी कारण वह मानसिक तनाव में था और आवेश में आकर उसने यह कदम उठा लिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि युवक के बयान एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित