जौनपुर , सितंबर 03 -- आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार को मछलीशहर और करियांव-मीरगंज में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन और रोड शो में कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का मंत्र दिया।
श्री आजाद ने समाज के लोगों से एकजुट होने तथा आरक्षण और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करने का आह्वान करते हुए कहा कि राजनीतिक ताकत मिलने पर गरीबों और कमजोर वर्ग के लोगों के साथ अन्याय करने वालों का मुकाबला किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि समाज के लोग एकजुट होकर संगठन को ताकत दें। संगठन मजबूत होगा तो गरीबों और वंचितों की आवाज भी मजबूत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
इससे पहले मछलीशहर में करीब डेढ़ हजार कार्यकर्ताओं से उन्होंने प्रश्नोत्तर के माध्यम से संवाद किया। संवाद के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूछा कि वे आरक्षण को बचाना चाहते हैं या नहीं, जिस पर भीड़ ने समर्थन में हामी भरी। इसके बाद उन्होंने संविधान की रक्षा और सत्ता परिवर्तन को लेकर सवाल किया, जिस पर भीड़ ने समर्थन जताया।
श्री आजाद ने आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से भीम आर्मी के उम्मीदवार एस.पी. मानव को जिताने की अपील की। रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने में पार्टी पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित