जयपुर , अगस्त 25 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान करते हुए कहा है कि सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर पूरी एकजुटता के साथ चुनाव में काम करना है और क्षेत्र की सभी 22 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत सुनिश्चित करनी है।
श्रीमती दिया कुमारी मंगलवार को विद्याधरनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रही थी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की जमानत जब्त कराने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जुटना होगा। उन्होंने कहा कि आज के सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया है कि भाजपा पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ आगामी चुनाव में उतरेगी। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है और यही उत्साह आने वाले चुनाव में भाजपा के अच्छे परिणामों का आधार बनेगा।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि केवल जयपुर ही नहीं, बल्कि राजस्थान के सभी निकायों में भाजपा की जीत होगी। सरकार की ओर से लगातार विकास के कार्य किये गये हैं और इन्हीं कामों को लेकर भाजपा जनता के बीच जायेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास कार्यों के आधार पर भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन और वोट देगी।
कार्यक्रम में जयपुर सांसद मंजू शर्मा तथा जिला पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, वार्ड संयोजक, मोर्चा अध्यक्ष, पूर्व पार्षद, प्रत्याशी, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित