भिंड , मार्च 06 -- मध्यप्रदेश के भिंड जिले में पदस्थ एएसआई आरडी चौधरी को एक शातिर बदमाश ने मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी ने लहार अनुभाग के रौन थाना क्षेत्र की मछंड पुलिस चौकी में तैनात एएसआई को धमकी भरे मैसेज और वॉइस रिकॉर्डिंग भेजी थीं, लेकिन उस समय मामला सामने नहीं आया। बाद में पुलिस द्वारा आरोपी को एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर उसका मोबाइल खंगालने पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार पिछले महीने पुलिस ने क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसी दौरान लारौल गांव निवासी अशोक राजावत ने पुलिस की कार्रवाई में बाधा डाली और पकड़े गए रेत से भरे ट्रैक्टर को छुड़ाकर ले जाने में सफल रहा। इसके बाद जब पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लारौल गांव पहुंची तो रास्ते में आरोपी ने ट्रैक्टर खड़ा कर पुलिस पर हावी होने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया।
बीते दिनों पुलिस ने आरोपी अशोक राजावत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के कब्जे से जब्त मोबाइल को सर्विस लाइन पर लेकर जांच कराई गई तो उसमें एएसआई आरडी चौधरी को भेजे गए गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी वाले मैसेज और वॉइस रिकॉर्डिंग मिले। जांच में पता चला कि आरोपी ने 22 फरवरी को यह धमकी भरे संदेश भेजे थे, जबकि पुलिस ने उसे 24 फरवरी को गिरफ्तार किया था।
मामले में पुलिस अधिकारियों ने जब एएसआई आरडी चौधरी से पूछताछ की तो उन्होंने मोबाइल से संबंधित अधिक जानकारी नहीं होने की बात कही। अधिकारियों के अनुसार एएसआई ने इन धमकी भरे संदेशों को अनदेखा कर दिया था और किसी को इसकी जानकारी नहीं दी थी। आरोपी के मोबाइल की जांच के दौरान ही पूरे मामले का खुलासा हुआ।
मछंड चौकी प्रभारी रविंद्र सिंह तोमर ने आज बताया कि आरोपी ने पुलिस जवान को मोबाइल पर धमकाने की कोशिश की थी। जब उसके मोबाइल से यह तथ्य सामने आए तो उसके खिलाफ धमकी देने और गाली-गलौज करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं रौन थाना प्रभारी राजवीर सिंह गुर्जर ने बताया कि एएसआई चौधरी को मोबाइल की ज्यादा जानकारी नहीं थी इसलिए उन्होंने मैसेज नहीं देखे। मामले की जानकारी मिलने पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित