लखनऊ , जून 20 -- आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) सेंटर एवं कॉलेज के ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज में शनिवार को सीनियर कैडर कोर्स-01 की समापन परेड आयोजित की गई। परेड में 125 नॉन-कमीशंड ऑफिसर्स (एनसीओ) ने भाग लिया, जिन्होंने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया और भविष्य में जूनियर कमीशंड ऑफिसर्स (जेसीओ) के रूप में नेतृत्व की जिम्मेदारियां संभालेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार समापन परेड में सैन्य अनुशासन और परंपराओं की भव्य झलक देखने को मिली। परेड का निरीक्षण एएमसी सेंटर एवं कॉलेज के ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज के कमांडेंट एवं मुख्य प्रशिक्षक मेजर जनरल अनुज चावला ने किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सैन्य नेतृत्व, अनुशासन और पेशेवर दक्षता से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों के अनुसार इस प्रशिक्षण से जवानों के मनोबल, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता में वृद्धि हुई है, जिससे वे आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल सर्विसेज के मूल्यों एवं आदर्शों के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।
कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर एमडीसी रानीखेत के हवलदार (डेंटल हाइजीनिस्ट) राम कुमार को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। उन्हें रोलिंग ट्रॉफी तथा लेफ्टिनेंट जनरल पी.वी. रामचंद्रन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मेजर जनरल चावला ने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासित टर्नआउट और परेड संचालन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल सर्विसेज युद्ध और शांति दोनों परिस्थितियों में सैनिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से पेशेवर दक्षता के उच्च मानकों को बनाए रखने तथा कोर की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
समापन परेड को प्रशिक्षुओं के परिजनों के अलावा मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स (एमओबीसी) और बेसिक नर्सिंग ऑफिसर्स कोर्स (बीएनओसी) के अधिकारी प्रशिक्षुओं ने भी देखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित