नयी दिल्ली , मार्च 30 -- भारतीय अंडर 20 महिला टीम के मुख्य कोच जोआकिम एलेक्जेंडर्सन ने एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप थाईलैंड 2026 के लिए 'यंग टाइग्रेस' की 23 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।

भारत ने 20 साल बाद इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया है। वह अपने अभियान की शुरुआत दो अप्रैल को थम्मासेट स्टेडियम में जापान के खिलाफ मैच से करेगा। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के साथ पांच अप्रैल, पाथुम थानी स्टेडियम में और चीनी ताइपे के खिलाफ ( आठ अप्रैल पाथुम थानी स्टेडियम में मैच होगा।

ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और तीनों ग्रुप में से तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमें क्वार्टरफाइनल में जगह बनाएंगी। इसके अलावा, क्वार्टर-फ़ाइनल जीतने वाली चार टीमें फीफा अंडर 20 महिला विश्व कप पोलैंड 2026 के लिए क्वालिफाई करेंगी। भारतीय टीम 20 मार्च को बैंकॉक पहुंची थीं, और उन्हें वहाँ के स्थानीय माहौल में ढलने के लिए 13 दिन मिले। यात्रा करने वाले दल में 24 खिलाड़ी शामिल थे, जिसमें से अब डिफेंडर अल्का इंदवार को टीम से बाहर कर दिया गया है, क्योंकि एलेक्जेंडर्सन ने अंतिम टूर्नामेंट के लिए अपनी 23-खिलाड़ियों की टीम को अंतिम रूप दे दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित