भीलवाड़ा , मई 06 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ के छोटी सादड़ी से मारवाड़ की ओर तस्करी कर ले जाई जा रही करीब 45 किलो अवैध डोडा पोस्त एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनअीएफ) ने बरामद करके दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों ने बुधवार को बताया कि एएनटीएफ को पुख्ता सूचना मिली थी कि छोटी सादड़ी, प्रतापगढ़ से एक सफेद रंग की कार डोडा पोस्त लेकर ओसियां, जोधपुर की तरफ जा रही है। सूचना मिलने पर दल ने राष्ट्रीय राजमार्ग 79 पर भदाली खेड़ा के पास नाकाबंदी की और जैसे ही कार आती दिखी तो पहले दल ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की गति और तेज कर दी।
सूत्रों ने बताया कि पहले दल ने पीछा करते हुए दूसरे दल को सतर्क कर दिया। दूसरे दल जब सामने आया तो तस्करों ने घबराकर कार कच्चे रास्ते पर डाल दी, लेकिन अंततः पकड़े गए। स्थानीय पुलिस की मदद से ली गई तलाशी में कार से 45 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने कार में सवार जगदीश (19) और श्रवण कुमार (35) को गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित