चित्तौड़गढ़ , फरवरी 28 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ में मादक पदार्थ निरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) ने एक युवक को गिरफ्तार करके उससे करीब ढाई किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है।

एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने शनिवार को बताया कि चित्तौड़गढ़ चौकी ने शुक्रवार देर रात चंदेरिया रोलाहेड़ा मार्ग पर नाकेबंदी के दौरान एक मोटर साइकिल पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया तो वह मोटर साइकिल छोड़कर भागने लगा।

उन्होंने बताया कि इस पर पुलिस दल ने उसे पकड़ लिया, इस दौरान गिरने से वह घायल भी हो गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल पर रखा एक थैला बरामद किया जिसमें प्लास्टिक थैलियों में कुल दो किलो 350 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। युवक की पहचान दीपक जाट के रूप में हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित