नयी दिल्ली , सितंबर 23 -- भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने 'यात्री सेवा अभियान' के तहत बुधवार को अपने हवाई अड्डों पर बैगेज सुविधाओं की समीक्षा की ताकि यात्रियों के सफर को और सुगम बनाया जा सके।

एएआई के हवाई अड्डों पर 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक यात्री सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। प्राधिकरण ने बताया कि उसने बुधवार को अपने हवाई अड्डों पर उसने सामान वाले इलाके की सुविधाओं को मजबूत करने, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और यात्रियों के लिए सामान की आवाजाही को अधिक व्यवस्थित और बेहतर बनाने के लिए खास कदम उठाए।

एयरपोर्ट की टीमों ने आगमन और प्रस्थान के क्षेत्रों में बैगेज बेल्ट और डिस्प्ले सिस्टम के साथ-साथ बैगेज ट्रॉली की उपलब्धता और उनकी जगह का जायजा लिया। इस बात पर खास ध्यान दिया गया कि सामान वाले इलाके में भीड़-भाड़ न हो और यात्रियों को आसानी से ट्रॉली मिल सके, खासकर तब जब यात्रियों की आवाजाही अधिक हो।

साथ ही, 'खोया-पाया' सुविधाओं की समीक्षा भी शामिल थी ताकि जिन यात्रियों को अपने सामान के संबंध में मदद की जरूरत हो, उन्हें सही जानकारी और सहायता आसानी से मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित