नयी दिल्ली , जुलाई 30 -- भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय ने अपने कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर केंद्र या राज्य सरकारों या प्राधिकरण की आलोचना न करने की हिदायत दी है।
कार्यालय द्वारा गुरुवार को जारी एक परिपत्र में कहा गया है कि कोई भी कर्मचारी रेडियो या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रसारण के दौरान या उसके अपने नाम से प्रकाशित किसी आलेख या दस्तावेज में या मीडिया से संवाद करते समय अथवा कहीं भी सार्वजनिक रूप से ऐसी कोई बात नहीं कहेंगे जिसमें केंद्र या किसी राज्य सरकार या प्राधिकरण की नीतियों या काम की कटु आलोचना होती है।
परिपत्र में ऐसी कोई बात कहने से भी मना किया गया है जिससे प्राधिकरण और आम लोगों के बीच संबंध खराब हो सकते हैं।
प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय ने कर्मचारियों को सलाह दी है कि वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी से करें और "ऐसा कोई भी गलत, मानहानि करने वाला, भड़काऊ या आलोचनात्मक कंटेंट पोस्ट, शेयर, फॉरवर्ड या सर्कुलेट न करें जो इन नियमों का उल्लंघन करता हो"।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित