चंडीगढ़ , जून 01 -- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि हरियाणा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सैंडबॉक्स राज्य में सुशासन, विकास और नवाचार को नई गति देगा। गुरुग्राम में एआई सैंडबॉक्स के लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मंच विभागीय चुनौतियों के तकनीक आधारित समाधान विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

श्री सैनी ने बताया कि एआई सैंडबॉक्स के माध्यम से विभिन्न विभाग अपनी वास्तविक समस्याएं और चुनौतियां साझा करेंगे, जबकि शोधकर्ता, स्टार्टअप, तकनीकी विशेषज्ञ और कंपनियां उनके समाधान प्रस्तुत करेंगी। इन समाधानों का नियंत्रित और सुरक्षित वातावरण में परीक्षण कर उनकी उपयोगिता का आकलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एआई का उपयोग केवल तकनीकी प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। एआई प्रशासन को बेहतर निर्णय लेने, समस्याओं की पहचान करने और उनके त्वरित समाधान में मदद करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और जलापूर्ति जैसी सेवाओं में एआई तकनीक का उपयोग आम नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाएगा। 'म्हारी सड़क' एप के माध्यम से क्षतिग्रस्त सड़कों की पहचान, शिक्षा क्षेत्र में शिक्षकों की बेहतर तैनाती तथा स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर मामलों की समय पर पहचान संभव हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि फिलहाल इस पहल की शुरुआत पांच चुनौतियों से की जा रही है, जबकि भविष्य में कृषि, राजस्व, शहरी विकास, परिवहन, समाज कल्याण और पर्यावरण सहित अन्य विभाग भी इससे जुड़ेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित