रायपुर , जून 27 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) जनरेटेड वीडियो को लेकर विवाद गहरा गया है। फेसबुक के एक पेज पर अपलोड किए गए वीडियो में हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक और भ्रामक दावे किए जाने का आरोप लगाते हुए हिंदू संगठनों ने शनिवार को कड़ी आपत्ति जताई है। संगठनों ने संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की घोषणा की है।
हिंदू संगठन से मिली जानकारी के अनुसार, 'फ्रॉम हेवन टू अर्थ' नामक फेसबुक पेज पर ऐसे कई वीडियो और तस्वीरें अपलोड की गई हैं, जिनमें कथित रूप से ईशू (जिसस) को हिंदू देवी-देवताओं का "पिता" बताया गया है। वीडियो में भगवान शिव और भगवान विष्णु को ईशू को अपना पिता बताते हुए दिखाया गया है। वहीं भगवान राम को ईशू से उपदेश लेते तथा भगवान हनुमान को उन्हें सबसे शक्तिशाली बताते हुए दर्शाया गया है। दावा किया जा रहा है कि यह सामग्री एआई तकनीक की सहायता से तैयार की गई है। हिंदू संगठनों का आरोप है कि इन वीडियो को मसीही समाज के कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा और प्रसारित भी किया जा रहा है।
हिंदू संगठनों का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के साथ समाज में भ्रम और वैमनस्य फैलाने का प्रयास है। संगठनों ने संबंधित फेसबुक पेज संचालकों और वीडियो अपलोड करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित