रायपुर/बिलासपुर , नवंबर 07 -- छत्तीसगढ़ की तत्कालीन पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कल्पना वर्मा पर प्रेम संबंधों के जरिए करोड़ों रुपए ऐंठने का आरोप लगाने वाले रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
टंडन पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक के माध्यम से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर भ्रामक एवं आपत्तिजनक समाचार प्रकाशित करने तथा उन्हें ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करने का आरोप है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी दीपक टंडन एक न्यूज पोर्टल संचालित करता है। आरोप है कि वह एआई तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों की तस्वीरों को आपत्तिजनक रूप में प्रस्तुत करता था और इसके आधार पर अपने पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित कर संबंधित व्यक्तियों पर दबाव बनाता था।
बिलासपुर पुलिस ने आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिलने के बाद छह नवंबर को न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन की जांच में कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं, जिन्हें जांच के दायरे में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर जिले के तिफरा स्थित महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर को सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनकी तस्वीरों को एआई तकनीक से संपादित कर आपत्तिजनक एवं तथ्यहीन समाचार तैयार किए गए और उन्हें न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया।
शिकायत में कहा गया कि इस गतिविधि का उद्देश्य उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना और ब्लैकमेलिंग के जरिए दबाव बनाना था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में दीपक टंडन (46) की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उसकी तलाश की गई और रायपुर से गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी दीपक टंडन के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके कब्जे से बरामद दोनों मोबाइल फोन में न्यूज पोर्टल से संबंधित आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अब जब्त डिजिटल सामग्री की जांच के साथ ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली के आरोपों और प्रकरण में नामजद अन्य व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन इससे पहले दंतेवाड़ा में पदस्थ रहीं डीएसपी कल्पना वर्मा पर लगाए गए गंभीर आरोपों के कारण चर्चा में आया था।
टंडन ने कल्पना वर्मा पर रिश्वतखोरी, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे। उसका दावा था कि डीएसपी ने पहले उसे प्रेम संबंधों में फंसाया और बाद में शादी का झांसा देकर उससे करोड़ों रुपए, महंगी गाड़ी तथा कीमती गहने हासिल किए।
हालांकि श्रीमती वर्मा ने इन आरोपों को खारिज किया था। उन्होंने दावा किया था कि टंडन ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट से तस्वीरें लेकर फर्जी चैट तैयार की हैं। उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात भी कही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित