जयपुर , फरवरी 20 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 जैसे गौरवशाली मंच पर कांग्रेस का आचरण शर्मनाक है जो विश्व पटल पर भारत की बढ़ती साख को धूमिल करने का यह कुत्सित प्रयास इनकी राष्ट्र विरोधी सोच का प्रमाण है।

श्री शर्मा ने नयी दिल्ली के भारत मंडपम् में चल रही एआई समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन पर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि जहां विश्वभर से आए विदेशी मेहमान और दिग्गज तकनीक विशेषज्ञ भारत के उज्ज्वल भविष्य की चर्चा कर रहे थे वहीं कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि को नीचा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

उन्होंने कहा कि व्यापार समझौतों पर भ्रम फैलाने से लेकर 'ऑपरेशन सिंदूर' और गलवान के वीरों के शौर्य पर सवाल उठाने तक कांग्रेस ने सदैव देशहित के ऊपर अपना स्वार्थ रखा है।

श्री शर्मा ने कहा कि आज कांग्रेस ने करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान को चुनौती दी है। जनता इस नकारात्मक राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व को बिना देर किए देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित