चंडीगढ़ , जून 04 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी विभागों को हरियाणा विजन-2047 के तहत तैयार किये गये अपने पांच वर्षीय रोडमैप और कार्य योजनाओं को विशेष कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं इन योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करेंगे।

श्री सैनी ने गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय में हरियाणा पुलिस आवास निगम के पांच वर्षीय रोडमैप की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले आवासों के निर्माण की व्यापक योजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभागों को वार्षिक योजनाओं के साथ-साथ त्रैमासिक लक्ष्य और समय-सीमा भी निर्धारित करनी होगी, ताकि प्रगति की प्रभावी निगरानी की जा सके।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि सभी विभाग समीक्षा बैठकों से दो दिन पहले अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि विकसित देशों की सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों को अपनाते हुए हरियाणा को विकसित भारत की परिकल्पना के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि हरियाणा पुलिस आवास निगम अब तक 12,683 आवासीय इकाइयों, 165 पुलिस स्टेशनों, 26 महिला पुलिस स्टेशनों और कई अन्य भवनों का निर्माण कर चुका है। मुख्यमंत्री ने पुलिस भवनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने तथा भविष्य की सभी परियोजनाओं को ऊर्जा-कुशल और पर्यावरण अनुकूल बनाने के निर्देश भी दिये। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित