रांची , मई 02 -- झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक, तेज, पारदर्शी और विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की दूरदर्शी सोच से अब झारखंड के स्वास्थ्य विभाग में एआई टेक्नोलॉजी को लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा गूगल एलएलसी के साथ समझौता (एमओयू) की स्वीकृति की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड की जनता को बेहतर, तेज, सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एआई टेक्नोलॉजी के माध्यम से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी, जिससे मरीजों को समय पर जांच, बेहतर इलाज और पारदर्शी सुविधाएं मिल सकेंगी।
हमारा लक्ष्य है कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हर नागरिक को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवा मिले। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और आने वाले समय में राज्य देश के अग्रणी स्वास्थ्य मॉडल के रूप में उभरेगा।
डॉ. अंसारी ने बताया कि एआई टेक्नोलॉजी आने से राज्य के अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य केंद्रों में कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। इससे मरीजों की जांच और इलाज प्रक्रिया पहले से अधिक तेज और प्रभावी होगी, वहीं गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान करने में भी मदद मिलेगी। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को आधुनिक तकनीकी सहयोग मिलेगा, जिससे कार्यक्षमता बढ़ेगी। स्वास्थ्य डेटा प्रबंधन अधिक सटीक और पारदर्शी बनेगा, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में भी मजबूती मिलेगी। इसके अलावा रिसर्च, ट्रेनिंग और हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को भी नई रफ्तार मिलेगी।
राज्य की जनता का कहना है कि पहली बार स्वास्थ्य विभाग में इतनी तेजी से बदलाव नजर आ रहा है। अब सरकारी अस्पतालों पर लोगों का विश्वास बढ़ा है और सुविधाएं लगातार मजबूत हो रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित