पटना , सितंबर 04 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सिमेज आईटी पार्क में नवनिर्मित 1200 सीटिंग कैपेसिटी वाले बहुउद्देशीय सभागार का उद्घाटन किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का युग है। यदि बिहार के युवा नई तकनीक को अपनाते हुए कड़ी मेहनत करें तो बिहार को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बिहार तेजी से बदल रहा है और हम सभी को अगले चार-पांच वर्षों में राज्य को स्वर्णिम युग की ओर ले जाने का संकल्प लेना चाहिए।

श्री चौधरी ने कहा कि सिमेज द्वारा तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में की गई पहल सराहनीय है। उन्होंने उद्योग विभाग को बधाई देते हुए कहा कि बिहार में ऐसे कम से कम 100 टेक्नोलॉजी सेंटर विकसित किए जाने चाहिए, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन में भी रणनीति, ज्ञान और तकनीक के प्रभावी उपयोग के उदाहरण मिलते हैं। आज समय के साथ तकनीक का स्वरूप बदल गया है। कंप्यूटर, मोबाइल, सोशल मीडिया और अब एआई ने दुनिया को नई दिशा दी है। एक समय लोगों को आशंका थी कि कंप्यूटर आने से रोजगार के अवसर कम हो जाएंगे, लेकिन आज यही तकनीक रोजगार, नवाचार और विकास का प्रमुख माध्यम बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को लेकर यह धारणा बदलने की आवश्यकता है कि राज्य तकनीक के क्षेत्र में पीछे है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे एआई और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें तथा बिहार को देश के अग्रणी तकनीकी राज्यों की श्रेणी में पहुंचाने में योगदान दें। उन्होंने सिमेज परिवार द्वारा सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को आईआईटी तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से जोड़कर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने की पहल की भी सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित