पटना , अक्तूबर 22 -- थ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने गुरुवार को राज्य के सभी स्टेट हाइवे, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (बीआरपीएनएनएल) एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीन सड़कों, पुल-पुलियों की समीक्षा की।श्री पाल ने बैठक में बिहार में बनाए जा रहे पुल-पुलिया, सड़कों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और उनकी मरम्मती के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सचिव ने बताया कि राज्य की सभी सड़कों की निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) बेस्ड सॉफ्टवेयर ईजाद किया गया है, जिससे क्षतिग्रस्त सड़कों का सही आकलन समय से हो सके और विभाग के स्तर से मरम्मती करने का कार्य पूर्ण करा सके।

सचिव ने कहा कि पथों के आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई और त्वरित मरम्मतीकरण के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रमंडलवार संयुक्त निरीक्षण टीम गठित की जाएगी। उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों की सूची जिला पदाधिकारी को शीघ्र उपलब्ध कराएं। साथ ही, पथ एवं तिथिवार एक विस्तृत कार्य योजना तैयार किया जाय। उन्होंने अगले 14 कार्य दिवसों के भीतर सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित प्रपत्र में अपनी विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करने के साथ ही संयुक्त सचिव एवं मुख्य अभियंता को मुख्यालय स्तर से निगरानी के निर्देश दिए।

श्री पाल के अनुसार, विभागीय स्तर पर दैनिक अनुश्रवण के लिए एक विशेष डैशबोर्ड तैयार किया गया है। इस डैश बोर्ड को नियमित अपडेट करने के लिए उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्देशित किया। उन्होंने बैठक में आउटपुट एंड परफॉर्मेंस बेस्ड रोड एसेट्स मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट-तृतीय चरण (ओपीआरएमसी-3) के अंतर्गत हो रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभी तक 66 पैकेज का वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है। इन कार्यों की जांच नई टीम करेगी। उन्होंने पथों की जांच के लिए मोबाइल वैन और फ्लाइंग स्क्वॉयड की टीम भेजने के निर्देश दिए।

सचिव श्री पाल ने स्पष्ट किया कि निर्माण और मरम्मत की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। मुख्य अभियंता से लेकर कनीय अभियंताओं की जिम्मेदारी तय की जाएगी। यदि निरीक्षण या मरम्मत में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अभियंताओं एवं संवेदकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बैठक में विभाग के विशेष सचिव, बीआरपीएनएनएल के चेयरमैन, संयुक्त सचिव, अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता समेत अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहें। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से क्षेत्रीय अभियंता भी इस बैठक से जुड़े रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित