रायपुर , जून 26 -- छत्तीसगढ़ के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं खेल प्रशासक प्रो. (डॉ.) राजीव चौधरी को अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) ने महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। एआईयू ने उन्हें सत्र 2026-27 की अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं के आवंटन के लिए गठित राष्ट्रीय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

यह समिति देशभर के विश्वविद्यालयों से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण कर विभिन्न अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए उपयुक्त विश्वविद्यालयों का चयन करेगी। समिति खेल अधोसंरचना, आवास, परिवहन, चिकित्सा सुविधाओं, मानव संसाधन तथा पूर्व आयोजन अनुभव जैसे मानकों के आधार पर प्रस्तावों का मूल्यांकन करेगी।

प्रो. चौधरी वर्तमान में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू), स्कूल ऑफ स्टडीज़ इन लॉ के विभागाध्यक्ष तथा स्कूल ऑफ स्टडीज़ इन फिजिकल एजुकेशन के विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। इससे पूर्व वह शारीरिक शिक्षा संकाय के डीन का दायित्व भी निभा चुके हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस नियुक्ति को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय और छत्तीसगढ़ के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया है। प्रशासन के अनुसार, विश्वविद्यालयीय खेलों के विकास तथा खेल प्रशासन में डॉ. चौधरी के लंबे योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह महत्वपूर्ण मान्यता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित