नयी दिल्ली , सितंबर 02 -- ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के मुख्य प्रवक्ता सैयद आसिम वकार बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गये जहां कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी की मौजूदगी में श्री वकार ने बुधवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
श्री गौतम ने श्री वकार का स्वागत करते हुए कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में शिक्षा, रोजगार, छात्रों, महिलाओं और वंचित वर्गों के मुद्दों को लेकर आंदोलन चल रहा है और श्री गांधी हर वर्ग की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता कांग्रेस से जुड़ रहे हैं तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और श्री गांधी के हाथ मजबूत कर रहे हैं।
श्री राय ने कहा कि श्री वकार जैसे मजबूत नेता के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी मजबूत होगी। उनका कहना था कि श्री वकार ने अपनी वाकपटुता के साथ समाज को सकारात्मक संदेश देने का काम किया है। उनके विचार श्री गांधी के देश के विकास के उस सपने से जुड़े हैं जिसमें 'मोहब्बत की दुकान' लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जो लोकप्रियता श्री गांधी के कारण मिल रही है उससे साफ है कि 2027 में उत्तर प्रदेश के हर गांव और हर गली में कांग्रेस का झंडा फहराएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित