औरंगाबाद , मार्च 24 -- औरंगाबाद शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह चैती छठ पूजा के लिए देव जा रहे श्रद्धालुओं से भरा हुआ ट्रेक्टर एक एम्बुलेंस से टकरा कर पलट गया, जिसमे 25 लोग घायल हो गए।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी घायल एक ही परिवार के सदस्य हैं। सभी लोग ओबरा प्रखंड के सरसौली गांव से ट्रैक्टर पर सवार होकर सूर्य नगरी देव छठ करने जा रहे थे। इसी दौरान शहर में फारम के समीप एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार छठ व्रती समेत कुल 25 लोग घायल हो गए। वहीं एंबुलेंस में सवार पांच लोग भी घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जिस एंबुलेंस से ट्रैक्टर में टक्कर हुई, उसमें एक शव रखा हुआ था, जिसे झारखंड के कोडरमा ले जाया जा रहा था। हादसे के बाद एंबुलेंस चालक मौके से फरार हो गया है।
घटना की सुचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पलटे ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है और फरार एंबुलेंस चालक की खोजबीन जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित