नोएडा , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 64 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया है। साथ ही गांजे की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की मारुति इको एंबुलेंस भी जब्त की गई है।
मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि, थाना क्षेत्रांतर्गत झुंडपुरा बॉर्डर के पास चेकिंग के दौरान आरोपी ओमवीर सिंह पुत्र श्याम लाल, निवासी ग्राम नागर, थाना अछनेरा, जनपद आगरा (उम्र लगभग 48 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में जानकारी मिली कि वह उड़ीसा से विशेष किस्म का गांजा लाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था। उसने तस्करी के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल इसलिए चुना क्योंकि एंबुलेंस को टोल प्लाजा और पुलिस चेकिंग के दौरान सामान्य वाहनों की तुलना में कम रोका जाता है। इसी का फायदा उठाकर वह बड़ी मात्रा में गांजा एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित