सरगुजा , मार्च 20 -- ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में पहुंच होने का झांसा देकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के एक कर्मचारी से दो लाख रुपये की मांग करने वाले दरिमा तहसील कार्यालय के लिपिक अनिल गुप्ता को भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने शुक्रवार को अंबिकापुर के घड़ी चौक पर ट्रैप कर गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय अंबिकापुर में पदस्थ कर्मचारी अखिलेश सोनी की शिकायत के आधार पर की गई।

भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के डीएसपी प्रमोद खेस ने बताया कि अखिलेश सोनी ने शाखा में लिखित शिकायत देकर बताया था कि 10 मार्च को अनिल गुप्ता ने उन्हें मोबाइल फोन कर कहा कि उनके खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज है और अधिकारी उनकी जांच कर रहे हैं। आरोपी ने यह भी कहा कि कभी भी ट्रैप कर गिरफ्तारी की कार्रवाई हो सकती है। गिरफ्तारी से बचना है तो दो लाख रुपये की व्यवस्था करनी होगी।

शिकायत में यह भी बताया गया कि अनिल गुप्ता ने खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो में प्रभावशाली बताते हुए कहा था कि उसका भतीजा ब्यूरो में कार्यरत है और उसी के माध्यम से ट्रैप की कार्रवाई रुकवाई जा सकती है। लगातार फोन कर दबाव बनाने और रुपये की मांग से परेशान होकर अखिलेश सोनी ने इसकी जानकारी भ्रष्टाचार निरोधक शाखा को दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

डीएसपी के अनुसार शिकायत की विभागीय जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद योजना बनाकर ट्रैप की कार्रवाई की गई। तय योजना के तहत शुक्रवार को अखिलेश सोनी के माध्यम से आरोपी को एक लाख रुपये दिए जाने की व्यवस्था की गई। जैसे ही आरोपी अनिल गुप्ता ने अंबिकापुर के घड़ी चौक पर रुपये लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित