ऋषिकेश , जुलाई 29 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में डॉ. अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालु प्रदेश के अतिथि हैं इसलिए उनके साथ सम्मानजनक एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। साथ ही स्थानीय नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी विवाद की स्थिति से बचने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि कहीं भी गंदगी न फैले और जहां पेयजल के लिए टैंकर लगाए गए हैं, वहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भंडारा स्थलों पर उपयोग किए गए पत्तल एवं दोने इधर-उधर न बिखरें, इसके लिए आयोजकों के साथ लगातार समन्वय किया जाए।

विधायक ने मार्गों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरों की निरंतर निगरानी, खराब वाहनों को तत्काल हटाने के लिए क्रेन तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन सक्रिय रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कोतवाली में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित