ऋषिकेश , सितंबर 04 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में साइबर ठगी के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई में शुक्रवार को 'मगध साइबर गैंग' के नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। कोतवाली श्यामपुर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर गैंग के लिए म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले बलिया निवासी सागर पाण्डेय को मायाकुंड क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी साइबर ठगी की रकम मंगाने के लिए फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने के एवज में मोटा कमीशन लेता था।
कोतवाली श्यामपुर में मामला दर्ज किया गया। वांछित आरोपी सागर पाण्डेय की तलाश में पुलिस टीम ने डिजिटल फुटप्रिंट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी ठिकाने की तलाश की। चंद्रेश्वर रोड, मायाकुंड में ठिकाना मिलने के बाद टीम ने घेराबंदी कर काले रंग की स्कूटी से जा रहे आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि मूल रूप से ग्राम सिकंदपुर, जिला बलिया निवासी सागर पाण्डेय ऋषिकेश में रहकर पूर्व में गिरफ्तार मगध साइबर गैंग के सरगना कृष्णा पाण्डेय के संपर्क में था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी स्थानीय लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और बाद में इन खातों को साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए गैंग को उपलब्ध कराता था। पूछताछ में आरोपी ने विशाल और श्याम नामक व्यक्तियों के कुल 18 बैंक खाते गैंग को उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है। इसके बदले उसे भारी कमीशन मिलता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित