ऋषिकेश , मई 10 -- चारधाम यात्रा एवं नीलकंठ महादेव मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता में पुलिस लगातार मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभा रही है। इसी कड़ी में रविवार को नीलकंठ महादेव मंदिर मार्ग पर एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान के धौलपुर निवासी 52 वर्षीय रामप्रसाद नीलकंठ महादेव मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के दौरान अचानक उन्हें चक्कर आने से वह रास्ते में गिर पड़े। घटना के बाद वहां पर मौजूद श्रद्धालुओं में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए श्रद्धालु को सुरक्षित उठाकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार होने पर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
श्रद्धालु के परिजनों ने समय पर मिली सहायता और पुलिस की सक्रियता के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा एवं धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता और स्वास्थ्य संबंधी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस टीमें लगातार सतर्क और तैनात हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित