ऋषिकेश , अक्टूबर, 17 -- त्तराखंड में नगर निगम ऋषिकेश के निर्माणाधीन नवीन कार्यालय भवन, पार्किंग और शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति को लेकर महापौर शम्भू पासवान की अध्यक्षता में शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नगर निगम कार्यालय परिसर स्थित महापौर कक्ष में हुई बैठक में विभिन्न विभागों और निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों ने कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। महापौर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप नगर निगम के नवीन कार्यालय भवन और पार्किंग का निर्माण 18 माह की निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाना है। उन्होंने भवन की शेष दो छतों का कार्य जल्द पूरा करने और फसाड की ड्राइंग तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विद्युत कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने लाइन भूमिगत करने से पहले संबंधित अधिकारियों को सूचित करने तथा ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और पैनल लगाने का कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा।

बैठक में त्रिवेणी घाट और आस्था पथ के विकास कार्यों पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि चन्द्रभागा नदी से गेट नंबर-2 तक त्रिवेणी घाट के सौंदर्यीकरण का कार्य दीपावली के बाद शुरू किया जाएगा। आस्था पथ पर प्रस्तावित शेड की ऊंचाई 4.5 मीटर रखने और लिफ्ट सिस्टम वाले शौचालय के निर्माण के लिए स्थान चिह्नित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए नगर निगम के अधिशासी अभियंता के साथ संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। वहीं, चन्द्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल का निर्माण दीपावली के आसपास शुरू करने की योजना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित