ऋषिकेश , नवंबर 10 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में मोबाइल शोरूम का शटर तोड़कर लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने मंगलवार को पर्दाफाश किया।"कोतवाली ऋषिकेश पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके कब्जे से चोरी के 30 मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, शिवाजी नगर निवासी अश्वनी गुप्ता ने छह नवंबर को कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि सोमवार रात करीब दो से चार बजे के बीच अज्ञात चोरों ने ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर स्थित उनकी गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड दुकान का शटर तोड़ दिया। चोर दुकान से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, एचपी कंपनी के लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड का भी मिलान किया गया।

कल देर रात आईडीपीएल गोल चक्कर के पास जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल चार संदिग्ध दो काली मोटरसाइकिलों से नटराज चौक की ओर से बाईपास मार्ग होते हुए श्यामपुर की तरफ जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चारों युवकों को रोक लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी संदीप के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी का अधिकांश सामान जंगल में छिपाया गया था और उसे बेचने के लिए हरिद्वार की ओर ले जाया जा रहा था। चोरी के सामान का आपस में बंटवारा भी किया गया था। उनका एक अन्य साथी संदीप कुछ मोबाइल फोन, आईपैड और लैपटॉप अपने पास रखे हुए है।

पुलिस ने आरोपी योगेंद्र उर्फ दीपक के पास मौजूद काले रंग के बैग से तीन एचपी लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड और मोबाइल फोन बरामद किए। कार्रवाई के दौरान कुल 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, एक आईपैड और चोरी में प्रयुक्त दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए बिल और आईएमईआई नंबरों का मिलान करने पर 22 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और आईपैड चोरी के मुकदमे से संबंधित पाए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन दास (19) निवासी रायवाला, अभिषेक थापा (20) निवासी प्रतीत नगर रायवाला, योगेंद्र उर्फ दीपक (26) निवासी अहबाबनगर कड़च्छ ज्वालापुर और रोहन (20) निवासी लालतप्पड़ डोईवाला के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में अभिषेक थापा और रोहन के पूर्व में भी चोरी के कई मुकदमों में संलिप्त रहने की जानकारी सामने आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित