ऋषिकेश , जून, 03 -- उत्तराखंड की धर्मनगरी ऋषिकेश में बुधवार को ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स की 117वीं राष्ट्रीय बैठक शुरू हुयी। देश के विभिन्न राज्यों से आये महापौरों, जनप्रतिनिधियों और शहरी विकास विशेषज्ञों की मौजूदगी में शुरू हुए इस दो दिवसीय सम्मेलन में नगर निकायों के समक्ष मौजूद चुनौतियों और विकास की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की जा रही है।

नगर निगम ऋषिकेश के सहयोग से आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद नरेन्द्र भंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

आयोजित सम्मेलन के दौरान स्वच्छता, स्मार्ट शहरी प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन नगरीयों की चुनौतियां, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया है। विभिन्न नगर निगमों के महापौर अपने-अपने शहरों के नवाचारों और सफल मॉडलों को साझा कर रहे हैं।

शाम को त्रिवेणी घाट पर भव्य गंगा आरती के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भरतवाण की प्रस्तुति सम्मेलन की सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण रहेगी।

नगर निगम ऋषिकेश के अधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन न केवल ऋषिकेश की राष्ट्रीय पहचान को नई ऊंचाई देगा, बल्कि देशभर के नगर निकायों के बीच बेहतर समन्वय और अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच भी साबित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित