ऋषिकेश , जुलाई, 29 -- नशा मुक्त समाज के निर्माण और महिलाओं की जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तारखंड में ऋषिकेश पुलिस एवं राज्य महिला आयोग की पहल पर आईडीपीएल क्षेत्र के मीरा नगर (20 बीघा) में बुधवार को महिला मंगल दल का गठन किया गया। नवगठित दल क्षेत्र में अवैध शराब, सूखे नशे और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस को सूचना उपलब्ध कराने के साथ जनजागरूकता अभियान भी चलाएगा।

आईडीपीएल चौकी परिसर में आयोजित बैठक में उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, उपाध्यक्ष सुंदरी कंडवाल, सदस्य माया घाले एवं बीना, चौकी प्रभारी आईडीपीएल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया। बैठक में क्षेत्र में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए महिलाओं से समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर मीरा नगर (20 बीघा) महिला मंगल दल का गठन करते हुए शशि राणा को दल का महामंत्री नियुक्त किया गया। निर्णय लिया गया कि महिला मंगल दल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध शराब, सूखे नशे के कारोबार तथा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाएगा और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण तभी संभव है, जब महिलाएं अपने परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने के साथ पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने महिला मंगल दल की सदस्याओं से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश ने महिला मंगल दल की सदस्याओं को पुलिस मित्र के रूप में कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध शराब की बिक्री, सूखे नशे का कारोबार अथवा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित