ऋषिकेश , मार्च 11 -- उत्तराखंड में टिहरी डैम से अधिक पानी छोड़े जाने की संभावित आपदा स्थिति को लेकर बुधवार को कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के त्रिवेणी घाट और चंद्रेश्वर नगर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रशासन और विभिन्न विभागों की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।

मॉक ड्रिल के दौरान उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश की मौजूदगी में पुलिस, अग्निशमन विभाग, आपदा राहत दल, जल पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, परिवहन, खाद्य और पशुपालन विभाग की टीमें तैनात रहीं।

अभ्यास के दौरान नदी किनारे मौजूद लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया। वहीं गंगा में बह रहे दो व्यक्तियों तथा टापू में फंसे लोगों को जल पुलिस और आपदा राहत दल ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। प्रशासन ने बताया कि इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को और बेहतर बनाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित