ऋषिकेश , अप्रैल 24 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश शहर के अमित ग्राम गुर्जर प्लॉट क्षेत्र में गुरुवार देर रात आबकारी विभाग की टीम ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान करीब 50 लीटर कच्ची शराब बरामद की गयी है।

शुक्रवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, विभाग को कल देर रात क्षेत्र में कच्ची शराब के निर्माण और भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। इसी के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दो अलग-अलग घरों में छापा मारा। तलाशी के दौरान 50 प्लास्टिक पॉलिथीन में भरी कच्ची शराब बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान रेखा पुत्री सोमपाल और कुलदीप कौर पत्नी केवल सिंह को मौके से गिरफ्तार किया गया। दोनों महिलाओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित