ऋषिकेश , सितंबर 27 -- उत्तराखंड में तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा से ऊपर पहुंचने के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

रविवार को शाम चार बजे त्रिवेणी घाट पर गंगा का जलस्तर 339.85 मीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित चेतावनी रेखा 339.50 मीटर से 15 सेंटीमीटर अधिक है। हालांकि गंगा का जलस्तर अभी खतरे के निशान 340.50 मीटर से 65 सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें गंगा घाटों एवं तटीय क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं।

पुलिस और एसडीआरएफ की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को गंगा के बढ़ते जलस्तर के प्रति सतर्क किया जा रहा है। लोगों से गंगा के किनारे न जाने, नदी में स्नान से बचने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित