ऋषिकेश , अप्रैल 07 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को 112.27 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार जनपद देहरादून को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध शराब, चरस, स्मैक और गांजा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गठित पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था।

इस दौरान डग रोड स्थित गेट नंबर-03 के पास जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 112.27 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम दिव्यांशु उर्फ राजू निवासी हरिद्वार रोड, ऋषिकेश बताया, जो मूल रूप से रूपनगर (पंजाब) का रहने वाला है।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह आस्था पथ क्षेत्र में घूमने वाले एक व्यक्ति से चरस खरीदकर स्थानीय युवकों और टेंपो चालकों को ऊंचे दामों में बेचता था। साथ ही उसने बताया कि वह स्वयं भी नशे का आदी है और अपने खर्च के लिए यह अवैध कारोबार कर रहा था।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित